न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में एक 55 वर्षीय व्यक्ति ने कथित छेड़छाड़ के आरोप और बदनामी से आहत होकर रेलवे लाइन पर ट्रेन के सामने कूदकर अपनी जान दे दी. घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के हाजीपुर मोहल्ले की है, जहाँ मृतक का नाम इस्तकार बताया गया हैं.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सोमवार को इस्तकार अपने घर के पास रेलवे लाइन पर पहुंचे और ट्रेन के सामने कूद गए. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया. इस कदम से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया हैं.
पति और ससुर पर गंभीर आरोप
जानकारी के अनुसार, मृतक इस्तकार के छोटे बेटे राजा का कुछ समय पूर्व खतौली निवासी नाजमा से विवाह हुआ था लेकिन कुछ ही समय बाद नाजमा ने अपने पति राजा पर तीन तलाक और ससुर इस्तकार पर छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए सिविल लाइन थाना में शिकायत दर्ज कराई. समाज में बदनामी और आरोपों से आहत होकर इस्तकार डिप्रेशन में चले गए थे. आरोपों और मानसिक तनाव के चलते उन्होंने यह खौफनाक कदम उठाया.
मृतक के पड़ोसी मोहम्मद मुंतजिर ने बताया कि इस्तकार बहुत भले और मिलनसार व्यक्ति थे. उनके छोटे बेटे की शादी लगभग दो साल पहले हुई थी. हाल ही में बहू के मायके वाले घर आए थे और विवाद के बाद शिकायत दर्ज कर दी गई थी. पड़ोसी ने कहा कि आरोप झूठे है और मोहल्ले के लोग गवाही दे सकते है कि इस्तकार ने ऐसा कुछ नहीं किया. उन्होंने यह भी बताया कि मृतक को लगातार फोन और धमकियां मिल रही थी कि 30 लाख रुपये नहीं दिए तो पूरे परिवार को जेल में डाला जाएगा. इसी मानसिक दबाव के कारण इस्तकार ने अपनी जान दे दी.
सीओ सिटी सिद्धार्थ मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और पंचायतनामे की कार्रवाई की जा रही हैं. इसके साथ ही मामले की हर पहलू पर जांच शुरू कर दी गई हैं. पुलिस ने बताया कि अब यह देखना होगा कि आरोप सही हैं या किसी साजिश के तहत लगाए गए थे.
यह भी पढ़े: अश्लील वीडियो विवाद में बड़ा एक्शन, कर्नाटक के DGP रैंक के अधिकारी के. रामचंद्र राव निलंबित