न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय के खिलाफ हिंसा की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. ताजा मामला राजबाड़ी जिले के सदर उपजिला से सामने आया है, जहां एक हिंदू युवक की कथित तौर पर सुनियोजित तरीके से कार से कुचलकर हत्या कर दी गई. इस घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ हैं.
मृतक की पहचान 30 वर्षीय रिपन साहा के रूप में हुई हैं. वह राजबाड़ी के गोलांदा मोड़ के पास स्थित करीम फिलिंग स्टेशन में कर्मचारी के रूप में कार्यरत था. स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शुक्रवार को एक वाहन चालक पेट्रोल पंप पर ईंधन भरवाने के बाद बिना भुगतान किए वहां से निकलने की कोशिश करने लगा. जब रिपन साहा ने उसे रोकने का प्रयास किया, तो आरोपी चालक ने जानबूझकर गाड़ी उसके ऊपर चढ़ा दी. इस दर्दनाक घटना में रिपन साहा की मौके पर ही मौत हो गई.
पुलिस ने हत्या का मामला किया दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और उसके मालिक अबुल हाशेम को गिरफ्तार किया हैं. बताया जा रहा है कि अबुल हाशेम बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) की राजबाड़ी जिला इकाई का पूर्व कोषाध्यक्ष हैं. वहीं, वाहन चालक कमाल हुसैन को भी पुलिस ने बानिभान निपारा गांव से हिरासत में ले लिया हैं.
राजबाड़ी सदर थाना के प्रभारी अधिकारी खोंडकर जियाउर रहमान ने स्पष्ट रूप से कहा कि यह कोई सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि एक सोची-समझी हत्या हैं. उन्होंने बताया कि पीड़ित वाहन के सामने खड़ा था और आरोपियों ने जानबूझकर उसे कुचलते हुए मौके से फरार होने की कोशिश की. पुलिस ने हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी हैं. इस घटना ने एक बार फिर बांग्लादेश में हिंदू समुदाय की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. इससे पहले भी हाल के दिनों में कई हिंसक घटनाएं सामने आ चुकी हैं. इसी सप्ताह फेनी जिले के दागनभुइयां उपजिला में एक अन्य हिंदू युवक समीर दास की धारदार हथियारों से हत्या कर दी गई थी, जिसका शव एक खेत से बरामद हुआ था.
यह भी पढ़े: जमशेदपुर में अवैध निर्माणों पर चलेगा बुलडोजर, हाईकोर्ट ने DC-SSP को दिए सख्त निर्देश