न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय के खिलाफ हिंसा का एक और गंभीर मामला सामने आया हैं. नरसिंदी पुलिस लाइन्स से सटे मस्जिद मार्केट इलाके में 23 वर्षीय हिंदू युवक चंचल चंद्र भौमिक की बेरहमी से हत्या किए जाने का आरोप लगा हैं. प्रारंभिक जानकारी और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि चंचल को एक गैराज के भीतर जिंदा जला दिया गया.
मृतक चंचल चंद्र भौमिक कुमिल्ला जिले के लक्ष्मीपुर गांव का निवासी था. वह पिछले कई वर्षों से नरसिंदी के एक गैराज में काम करता था और काम के सिलसिले में वहीं रहता भी था. चंचल अपने परिवार का मंझला बेटा था और घर का एकमात्र कमाने वाला सदस्य बताया जा रहा है, जिससे इस घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा हैं.
शटर पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, शुक्रवार देर रात जब चंचल गैराज के अंदर सो रहा था, तभी किसी ने बाहर से शटर पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी. आग लगते ही लपटों ने तेजी से पूरे गैराज को अपनी चपेट में ले लिया. घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कथित तौर पर एक व्यक्ति को दुकान के बाहर आग लगाते हुए देखा जा सकता है, जिसके बाद आग अंदर तक फैल जाती हैं.
एक घंटे की मशक्कत के बाद बुझी आग
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने फायर सर्विस को जानकारी दी. नरसिंदी फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. आग बुझने के बाद जब गैराज के अंदर तलाशी ली गई, तो वहां से चंचल चंद्र भौमिक का जला हुआ शव बरामद हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चंचल लंबे समय तक आग की लपटों में फंसा रहा, जिससे उसकी मौत बेहद दर्दनाक तरीके से हुई.
परिजनों ने बताया पूर्व नियोजित हत्या
मृतक के परिजनों ने इस घटना को पूरी तरह से पूर्व नियोजित हत्या करार दिया हैं. उनका कहना है कि यह कोई दुर्घटना नहीं, बल्कि साजिश के तहत की गई हत्या हैं. परिजनों ने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की हैं.
पुलिस जांच में जुटी, इलाके में तनाव
पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी हैं. सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और मामला दर्ज करने की कार्रवाई जारी हैं. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है, वहीं अल्पसंख्यक समुदाय की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं जताई जा रही हैं. इस निर्मम हत्या को लेकर स्थानीय हिंदू समुदाय के नेताओं में भारी आक्रोश देखा जा रहा हैं.
यह भी पढ़े: 26 जनवरी को रांची में ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर बड़ा बदलाव, यहां रहेगी नो एंट्री.. जानें रूट