न्यूज11 भारत
सुपौल/डेस्क: सुपौल जिले के राजेश्वरी थाना क्षेत्र के कामत किशुनगंज गांव में शुक्रवार की अहले सुबह करीब तीन बजे दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. संपत्ति विवाद में एक छोटे भाई ने अपने ही सगे बड़े भाई की गोली मारकर हत्या कर दी. मृतक की पहचान अरविंद साह (38) के रूप में हुई है, जो अपनी पत्नी के साथ घर में सोए हुए थे. आरोपी छोटा भाई गजेंद्र साह घर में घुसकर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया.
घटना की सूचना मिलते ही राजेश्वरी थानाध्यक्ष यूगल किशोर और त्रिवेणीगंज एसडीपीओ विभाष कुमार अहले सुबह घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुपौल सदर अस्पताल भेज दिया. इसके बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और मृतक के घर कोहराम मच गया.
मृतक की 25 वर्षीय पत्नी रंगीना देवी और उनकी दो मासूम बेटियां इस घटना से सदमे में हैं. पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है. रंगीना देवी ने बताया कि वारदात के समय उनके देवर गजेंद्र साह के साथ एक अज्ञात व्यक्ति भी मौजूद था. उन्होंने बताया कि आरोपी पहले घर का छप्पर काटकर अंदर घुसने की कोशिश कर रहा था, लेकिन सफल नहीं हो सका. इसके बाद उसने कमरे के पीछे का किवाड़ तोड़कर घर में प्रवेश किया और सोए अवस्था में अरविंद साह की कनपटी में गोली मार दी.
पत्नी ने बताया कि उन्होंने अपने देवर से बार-बार ऐसा न करने की गुहार लगाई, लेकिन उसने एक न सुनी और हत्या कर दी. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है और आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.
मृतक की दादी मूर्ति देवी ने पुलिस से मांग की है कि हत्यारे पोते को फांसी की सजा दी जाए. उन्होंने कहा कि इस जघन्य अपराध के लिए इससे कम सजा न्याय नहीं होगी और वह उसे दोबारा कभी देखना नहीं चाहतीं.
त्रिवेणीगंज डीएसपी विभाष कुमार ने बताया कि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है. संपत्ति विवाद समेत सभी पहलुओं की गहन पड़ताल की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: दानापुर: घने कोहरे ने ट्रेनों की ही नहीं, यात्रियों की भी रोकी रफ्तार, ट्रेनें नहीं आ रहीं, कर रहे सिर्फ इन्तजार