पवन कुमार सिंह/न्यूज11 भारत
छपरा/डेस्क: सारण जिले के तरैया थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग गांवों से छठी कक्षा की दो नाबालिग छात्राएं आदर्श मध्य विद्यालय, तरैया से 11 मार्च को मध्यांतर (लंच ब्रेक) के बाद अचानक गायब हो गईं. दोनों छात्राएं स्कूल में दोपहर करीब 1 बजे तक मौजूद थीं, लेकिन उसके बाद उनका कोई सुराग नहीं मिला.
परिजनों के अनुसार, जब बच्चियां घर नहीं लौटीं तो वे चिंतित हो उठे और तलाश शुरू की. विद्यालय पहुंचने पर दोनों के स्कूल बैग कक्षा में पड़े मिले, लेकिन बच्चियां कहीं नहीं थीं. आसपास के इलाकों में खोजबीन के बावजूद देर शाम तक कोई जानकारी नहीं मिली.एक छात्रा दिव्या के पिता शिवजी साह (तरैया मुरलीपुर निवासी), जो जीविकोपार्जन के लिए दिल्ली में रहते हैं, उनके मोबाइल पर अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप के जरिए बच्ची की तस्वीर भेजी गई. तस्वीर में बच्ची के मुंह के पास किसी का हाथ रखा हुआ दिख रहा था, साथ ही धमकी भरा मैसेज था: “तेरी बेटी को मार दूंगा”. इस संदेश से परिवार में कोहराम मच गया और घर में चीख-पुकार हो गई.दूसरी छात्रा के पिता को भी फोन पर चेतावनी दी गई, जिससे इलाके में भय का माहौल बन गया है.
परिजनों की शिकायत पर तरैया पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अभी तक दोनों छात्राओं का कोई पता नहीं चला है और पुलिस विभिन्न एंगल से छानबीन कर रही है. स्थानीय लोग मानव तस्करी या अपहरण की आशंका जता रहे हैं.परिवार और ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है, तथा बच्चियों की सुरक्षित वापसी की मांग की जा रही है. पुलिस से अपील है कि जल्द से जल्द कार्रवाई कर बच्चियों को बचा लिया जाए
यह भी पढ़ें: छपरा: संदिग्ध हालात में युवक की मौत जहरीली शराब पीने की आशंका जताई, डीआईजी ने दिया जांच का आदेश