नमो नराायण मिश्रा/न्यूज11 भारत
गोपालगंज/डेस्क: गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र से इस वक्त एक बेहद गंभीर और सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहाँ मामूली लेन - देन को लेकर दबंग युवकों ने एक दुकानदार पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया. इस हमले में दुकानदार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए सदर अस्पताल गोपालगंज में भर्ती कराया गया है. पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस अब आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है. घायल दुकानदार की पहचान टुनटुन कुमार, उम्र करीब 25 वर्ष, पिता स्वर्गीय बुधन प्रसाद चौरसिया, निवासी जगदीशपुर, थाना बैकुंठपुर के रूप में की गई है.
घटना बीती रात बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के राजापट्टी इलाके की बताई जा रही है. मिली जानकारी के अनुसार, पंकज कुमार यादव और अमरजीत कुमार यादव नाम के दो युवक दुकान पर सामान खरीदने पहुंचे थे. सामान लेने के बाद जब दुकानदार टुनटुन कुमार ने उनसे पैसे की मांग की, तो दोनों युवक आपा खो बैठे. देखते ही देखते मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया. आरोप है कि विवाद के दौरान दोनों युवकों ने दुकानदार पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. हमले में टुनटुन कुमार गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा. दुकान में मौजूद लोग और आसपास के स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल दुकानदार को आनन - फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल गोपालगंज पहुंचाया गया, जहाँ उसकी हालत गंभीर बनी हुई है.
घटना की सूचना मिलते ही बैकुंठपुर थाना पुलिस त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंची और पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी. इस संबंध में घायल दुकानदार के परिजनों द्वारा आज बैकुंठपुर थाना में लिखित आवेदन दिया गया है, जिसके आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. सदर एसडीपीओ -2 सिधौलिया, राजेश कुमार ने बताया कि “कल रात्रि बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के राजापट्टी में चाकू से हमला की घटना हुई है. इस घटना में टुनटुन महतो नामक व्यक्ति को पंकज कुमार यादव एवं अमरजीत कुमार यादव द्वारा गंभीर रूप से घायल किया गया है. दोनों आरोपी बलहा और जगदीशपुर के रहने वाले हैं.
पीड़ित के परिजनों द्वारा आज आवेदन प्राप्त हुआ है. प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद है, जिसके आधार पर पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. जल्द ही फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी.” पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की पुष्टि हो चुकी है और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है. इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पीड़ित के परिजन आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त से सख्त सजा की मांग कर रहे हैं. बैकुंठपुर में जिस तरह मामूली पैसों के विवाद में चाकू से हमला किया गया है, उसने एक बार फिर जिले की कानून–व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. अब देखना होगा कि पुलिस कितनी जल्दी आरोपियों को गिरफ्तार कर पीड़ित को न्याय दिला पाती है.
यह भी पढ़ें: भागलपुर: सदर अस्पताल के पास भीषण सड़क हादसा, बाइक–ई-रिक्शा की आमने-सामने की टक्कर