विकास कुमार/न्यूज11 भारत
रोहतास/डेस्क: रोहतास जिले के डेहरी नगर थाना क्षेत्र में शादी के नाम पर ठगी करने वाले एक शातिर गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है. डेहरी नगर थाना कांड संख्या-05/26 में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन महिलाओं समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से 1 लाख 32 हजार 850 रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण और दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं.
मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी अतुलेश झां ने बताया कि यह गिरोह राज्य से बाहर के अविवाहित पुरुषों को निशाना बनाता था. आरोपी फर्जी शादी का नाटक कर पीड़ितों से नकदी और गहने ऐंठ लेते थे और फिर फरार हो जाते थे.
हाल के दिनों में इस तरह की एक शिकायत सामने आने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल स्तर पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया. इस टीम में डेहरी नगर थानाध्यक्ष और डीआईयू (डिस्ट्रिक्ट इंटेलिजेंस यूनिट) के अधिकारी शामिल थे.
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जया कुमारी पटेल और रागिनी देवी उर्फ झुनी देवी को हिरासत में लिया. पूछताछ के दौरान रागिनी देवी ने पूरे गिरोह की कार्यप्रणाली और अन्य सदस्यों की जानकारी दी, जिसके आधार पर पुलिस ने तीन महिलाओं सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस ने बताया कि बरामद सामग्री और आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर मामले की गहन जांच जारी है, वहीं गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है.
यह भी पढ़ें: रांची-पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन के प्रस्थान समय में परिवर्तन, नामकोम से करेगी प्रस्थान