राहुल कुमार/न्यूज11 भारत
डोभी/डेस्क: गया जिले के डोभी थाना क्षेत्र में मद्यनिषेध विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बोलेरो वाहन से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की है. इस दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है.
मिली जानकारी के अनुसार, समेकित जांच चाकी, डोभी में वाहन जांच के दौरान एक महिंद्रा बोलेरो (पंजीयन संख्या- BR-29J-7164) को रोका गया. तलाशी लेने पर वाहन से अवैध विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद हुई.
इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल 96.450 लीटर (335 बोतल) अवैध विदेशी शराब जब्त की है. मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, जिसकी पहचान जगदीश (उम्र करीब 23 वर्ष), पिता फुसा राम, निवासी धारासार, थाना चोहटन, जिला बाड़मेर (राजस्थान) के रूप में हुई है.
पुलिस के अनुसार, आरोपी वाहन के माध्यम से अवैध शराब का परिवहन कर रहा था. फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और इस पूरे नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी जारी है.
मद्यनिषेध विभाग ने बताया कि मामले में अनुसंधान जारी है और साक्ष्य संकलन के बाद आरोप पत्र न्यायालय में समर्पित किया जाएगा.
छापेमारी दल में शामिल अधिकारी
इस कार्रवाई में सअनि बन्टी यादव, सअनि हलेन्द्र कुमार, सअनि कमल किशोर, सअनि आलोक कुमार के साथ मद्यनिषेध सिपाही, सैप बल एवं गृहरक्षक जवान शामिल थे.
डोभी में लगातार हो रही ऐसी कार्रवाइयों से अवैध शराब तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है. प्रशासन ने साफ किया है कि शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
यह भी पढ़ें: मृत समझकर किया अंतिम संस्कार, जिंदा लौटे अमर चौहान; रेल पुलिस की पहचान प्रक्रिया पर उठे सवाल