रंजन सिन्हा/न्यूज11 भारत
नवादा/डेस्क: नवादा में पुलिस प्रशासन उस वक्त सकते में आ गया, जब इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया एक कैदी पुलिस निगरानी को चकमा देकर फरार हो गया. घटना सदर अस्पताल के कैदी वार्ड की है, जहां सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर चूक सामने आई है.
जानकारी के मुताबिक, आर्म्स एक्ट समेत कई मामलों में गिरफ्तार कैदी को जेल से इलाज के लिए लाया गया था. इसी दौरान उसने शौचालय जाने का बहाना बनाया और शौचालय की खिड़की के रास्ते अस्पताल परिसर से भागने में कामयाब हो गया.
फरार कैदी की पहचान नालंदा निवासी प्रहलाद कुमार सोनी, पिता कृष्णा पासवान के रूप में हुई है, जो मंडल कारा नवादा में बंद था. अस्पताल प्रशासन के अनुसार, उसे हाई ब्लड प्रेशर और हाथ में तकलीफ की शिकायत के बाद भर्ती कराया गया था.
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी अभिनाश कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की बारीकी से निरीक्षण किया. अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले जा रहे हैं.
इस घटना के बाद अस्पताल में कैदियों की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठने शुरू हो गए है. पुलिस विभाग मामले की गहनता से जांच कर रही है, और यह पता कर रही है कि ड्यूटी में लापरवाही किस स्तर पर हुई और इस घटना में तैनात पुलिस कर्मियों की भी कोई भूमिका थी?
नगर थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि फरार कैदी की तलाश के लिए विशेष टीमों को लगाया गया है और आसपास के इलाकों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है. पुलिस का दावा है कि फरार कैदी को जल्द पकड़ लिया जाएगा.
यह भी पढ़ें: गया: ऑपरेशन विलेप के तहत आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई, गया स्टेशन से 76 जिंदा कछुए बरामद