न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
अविनाश श्रीवास्तव / रोहतास - रोहतास जिले के डेहरी ऑन सोन से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। डालमियानगर थाना क्षेत्र के मनेरी बिगहा की एक युवती ने अपने ही अपहरण की साजिश रच डाली और परिवार के लोगों को फंसाने की कोशिश की। युवती 28 अप्रैल 2026 को कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन इसके बाद अचानक लापता हो गई, जिससे परिजनों में हड़कंप मच गया।
हाईलाइट्स-
- आपकी बेटी किडनैप हो गई है” मैसेज से मचा हड़कंप
- युवती ने खुद रची अपहरण की पूरी साजिश
- एक हफ्ते तक पुलिस और परिवार को दिया चकमा
- लोकेशन ट्रेस कर रेलवे स्टेशन से हुई बरामदगी
- पारिवारिक पाबंदियों से परेशान होकर उठाया कदम
एक हफ्ते तक खेलती रही आंख-मिचोली
लड़की के गायब होने के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। इसी बीच 29 अप्रैल को युवती के मोबाइल से व्हाट्सएप पर मैसेज आया कि उसका अपहरण कर लिया गया है और उसे सासाराम में रखा गया है। पुलिस ने मामला गंभीर मानते हुए विशेष टीम का गठन किया, लेकिन शुरुआती जांच में कोई ठोस सुराग नहीं मिला। युवती करीब एक सप्ताह तक पुलिस और परिवार को चकमा देती रही।
रेलवे स्टेशन से बरामदगी, पूछताछ में खुला पूरा राज
तकनीकी जांच के दौरान युवती की लोकेशन डेहरी ऑन सोन रेलवे स्टेशन पर मिली, जहां से पुलिस ने उसे बरामद कर लिया। डेहरी के एएसपी अतुलेश झा ने बताया कि पूछताछ में युवती ने स्वीकार किया कि उसने खुद ही अपहरण की झूठी कहानी बनाई थी। उसने बताया कि परिवार की पाबंदियों और सामाजिक बंधनों से परेशान होकर आजादी पाने के लिए उसने यह कदम उठाया। बाद में पुलिस ने काउंसलिंग कर उसे परिजनों को सौंप दिया।
इसे भी पढ़ें - सम्राट कैबिनेट विस्तार: एलजेपीआर से संजय सिंह-संजय पासवान को मौका, JDU लिस्ट भी फाइनल