न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: गुजरात के वडोदरा शहर के बकरावाड़ी इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई हैं. घरेलू विवाद के बाद एक व्यक्ति ने अपनी ही पत्नी की चाकू मारकर हत्या कर दी. इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया हैं. बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहा शक और तनाव आखिरकार एक खौफनाक अपराध में बदल गया.
देर रात घर में शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, नारायण एवेन्यू इलाके में रहने वाले बंटी और उसकी पत्नी रीटाबेन सोलंकी के बीच देर रात किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ. शुरुआत में यह सामान्य कहासुनी थी, लेकिन धीरे-धीरे बहस इतनी बढ़ गई कि माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया. बताया जा रहा है कि गुस्से में बेकाबू हुए बंटी ने घर में रखा चाकू उठा लिया और अपनी पत्नी पर हमला कर दिया. पुलिस के अनुसार, आरोपी ने गुस्से में आकर पत्नी पर ताबड़तोड़ चाकू से वार किए. गंभीर चोट लगने के कारण रीटाबेन लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी और कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई. घर के अंदर फैला खून और चीख-पुकार की आवाजें सुनकर आसपास के लोग भी दहशत में आ गए.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू की. महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. पुलिस ने घटनास्थल से कई अहम सबूत भी जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की.
कुछ ही घंटों में आरोपी गिरफ्तार
हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया था. हालांकि पुलिस ने तेजी दिखाते हुए इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया और कुछ ही घंटों में उसे गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और हत्या के पीछे की पूरी सच्चाई सामने लाने की कोशिश की जा रही हैं.
शक ने रिश्ते में घोल दिया जहर
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति को लंबे समय से अपनी पत्नी पर शक था. इसी कारण दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था. बताया जा रहा है कि आरोपी ने पत्नी पर नजर रखने के लिए घर में सीसीटीवी कैमरे तक लगवा दिए थे, लेकिन इसके बावजूद उसका शक खत्म नहीं हुआ. यही शक धीरे-धीरे रिश्ते में जहर बनता गया और अंततः इस दर्दनाक घटना का कारण बन गया.
इस घटना का सबसे बड़ा असर उन मासूम बच्चों पर पड़ा है, जिन्होंने अपनी मां को हमेशा के लिए खो दिया. जानकारी के अनुसार रीटाबेन के दो बेटे है- एक की उम्र करीब 13 साल और दूसरा अभी ढाई साल का हैं. अब इन बच्चों के सिर से मां का साया उठ चुका हैं. पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही हैं. यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हत्या सिर्फ घरेलू विवाद का नतीजा थी या इसके पीछे कोई और वजह भी छिपी हुई हैं.
यह भी पढ़े: आय से अधिक संपत्ति मामले में विनय सिंह से पूछताछ शुरू, ACB दफ्तर नहीं पहुंची स्निग्धा सिंह