फ़लक शमीम/न्यूज़ 11 भारत
हजारीबाग/डेस्क: हजारीबाग पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से प्रतिबंधित कफ सिरप का परिवहन एवं खरीद-बिक्री करने के आरोप में एक व्यक्ति को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. आरोपी के कब्जे से 138 बोतल ओनेरेक्स (Onerex) कफ सिरप बरामद किया गया. इस संबंध में कटकमसांडी पेलावल ओपी क्षेत्र में थाना कांड संख्या 85/26 दर्ज किया गया है.
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट की धारा 18(c)/27(b)(ii) तथा एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(c)/22(b) के तहत मामला दर्ज किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान नाजिम हुसैन (40 वर्ष), पिता स्वर्गीय इंतेखार हुसैन, निवासी खुटरा (डुकरा), थाना कटकमसांडी पेलावल, जिला हजारीबाग के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. मामले की आगे की जांच जारी है.
यह भी पढ़ें: बरही में चेक बाउंस मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल