अभिषेक राज/न्यूज11 भारत
गया/डेस्क: बोधगया में एक शादी समारोह खुशी के माहौल से अचानक दहशत में बदल गया, जब दूल्हे पक्ष ने दहेज की अतिरिक्त मांग को लेकर जमकर उत्पात मचाया. घटना बकरौर स्थित उत्सव पैलेस की है, जहां 29 नवंबर को अतरी के डिहरी निवासी सुरेश प्रसाद की बेटी कविता कुमारी की शादी होनी थी.
परिजनों के अनुसार, लड़की पक्ष पहले ही लगभग 10 लाख रुपये और सोने के जेवर दे चुका था, इसके बावजूद दूल्हे पक्ष ने दो लाख रुपये और की मांग करते हुए दबाव बनाना शुरू कर दिया. बात नहीं मानी गई तो शराब के नशे में धुत बरातियों ने लोहे की रॉड और डंडों से हमला कर दिया.
हमले में दुल्हन के जीजा शैलेश कुमार और भतीजे सुमन कुमार गंभीर रूप से घायल हुए और उन्हें मगध मेडिकल कॉलेज रेफर करना पड़ा. कई महिलाएं और बच्चे भी इस हिंसा का शिकार हुए.
परिजनों का आरोप है कि हंगामे के दौरान महिलाओं से अभद्र व्यवहार किया गया और दुल्हन की भाभी नीलम देवी की सोने की चेन छीन ली गई. पुलिस के पहुंचने से पहले सभी आरोपी मौके से फरार हो गए.
इस शर्मनाक घटना के बाद शादी को तुरंत रद्द कर दिया गया. पीड़ित परिवार ने दहेज प्रताड़ना, लूटपाट, छेड़छाड़ और जानलेवा हमले का मामला दर्ज कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
यह भी पढ़ें: BJP नेता की पत्नी को जमीन हड़पने की धमकी, ऑडियो वायरल! MLC पर लगाए गंभीर आरोप