नमो नारायण मिश्रा
गोपालगंज/डेस्क: गोपालगंज में 19 जनवरी की सुबह हुई महिला की गला रेतकर हत्या मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है. महिला की हत्या डायन व बहन को बदनाम करने के शक में की गई थी. पुलिस ने हत्यारे विकास कुमार को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू को बरामद कर लिया है. एसपी विनय तिवारी ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि थावे थाना क्षेत्र के ऊपरछंटा गांव में 19 जनवरी की सुबह मृतक चंद्रमा महतो की पत्नी सोना देवी की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी.
परिजनों ने जमीन विवाद को लेकर हत्या की आशंका जताई थी. लेकिन पुलिस की जांच में जो मामला खुलकर सामने आया वह हैरान करने वाला था, आरोपी विकास कुमार को शक था कि महिला गांव में घूमकर उसकी बहन को बदनाम कर रही है और वह डायन भी है और जादू टोना की वजह से उसके परिवार के लोग बीमार हो रहे हैं. इसी बात को लेकर उसने हत्या की साजिश रची और महिला की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी.
एसपी ने बताया कि महिला की हत्या के बाद सदर एसडीपीओ प्रांजल के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई, गठित एसआईटी ने सीसीटीवी फुटेज और एफएसएल टीम की मदद से ससनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए हत्यारे को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है. बता दें कि 19 जनवरी की सुबह थावे थाना क्षेत्र के उपरछंटा गांव में शौच के लिए गयी महिला सोना देवी की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी, महिला का शव गांव के बाहर खेत से बरामद किया गया था.
यह भी पढ़ें: अजित पवार के पहले विमान या हेलीकॉप्टर दुर्घटनाओं में कई प्रमुख भारतीय नेताओं की हो चुकी है मौत