अभिषेक राज/न्यूज11 भारत
गयाजी/डेस्क: गया पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में मालवाहक गाड़ी से हुई लूटकांड का सफल उद्भेदन करते हुए छह अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने उनके पास से लूटी गई 105 कार्टून रजनीगंधा और तुलसी भी बरामद की है. इस पूरे मामले की जानकारी गया जिले के वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने प्रेस वार्ता कर दी.
पुलिस के अनुसार 2 मार्च 2026 को एक चालक मालवाहक गाड़ी से पटना के जकरियापुर स्थित बीपीएस इंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड से रजनीगंधा और तुलसी लेकर वजीरगंज जा रहा था. इसी दौरान गया-नवादा बाईपास पर पैमार पुल के पास कार सवार अपराधियों ने गाड़ी रुकवाकर चालक के साथ मारपीट की और उसे बंधक बनाकर वाहन समेत माल लेकर फरार हो गए.
घटना के बाद मुफस्सिल थाना में कांड संख्या 238/26 दर्ज कर वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ वजीरगंज के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने झारखंड के डाल्टेनगंज में छापेमारी कर संदीप कुमार अग्रवाल को गिरफ्तार किया, जिसके पास से लूट का सामान बरामद हुआ.
उसकी निशानदेही पर गया और पटना में लगातार छापेमारी कर संजीत कुमार उर्फ बाबा, प्रमोद प्रसाद, संतोष कुमार गुप्ता उर्फ जुगाड़ी जी, छोटू कुमार और रिशु कुमार को भी गिरफ्तार किया गया. पुलिस के अनुसार इस कांड में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
यह भी पढ़ें: लाखों नकद और सोने-चांदी के आभूषण के साथ दो कुख्यात अपराधी गिरफ्तार