अभिषेक राज/न्यूज11 भारत
गयाजी/डेस्क: गयाजी जिले के नीमचक बथानी थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. गोपाल नगर गांव में बुधवार देर रात करीब 10 बजे अपराधियों ने 40 वर्षीय मदन राजवंशी की गोली मारकर हत्या कर दी. अचानक चली गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा गांव थर्रा उठा और इलाके में दहशत फैल गई.
मृतक मदन राजवंशी मजदूरी कर अपना जीवन-यापन करता था. सूत्रों के अनुसार, वह गांव के ही कुछ लोगों के साथ बातचीत कर रहा था, इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई. विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने हथियार निकाल लिए और मदन को तीन तरफ से घेरकर ताबड़तोड़ गोलियां दाग दीं. खून से लथपथ मदन मौके पर ही जमीन पर गिर पड़ा. परिजन और ग्रामीण अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.
सूचना मिलते ही नीमचक बथानी थाना प्रभारी देवेंद्र पांडे पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस ने मौके से खोखे बरामद किए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है.
एसडीपीओ सुरेंद्र सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश की बात सामने आ रही है. आरोपियों की पहचान कर छापेमारी की जा रही है. गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. घटना के बाद से गांव में सन्नाटा पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
यह भी पढ़ें: भागलपुर में आपसी विवाद में हुई जमकर मारपीट और चाकूबाजी, दो युवक घायल