न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने स्थानीय लोगों को हैरान कर दिया हैं. रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र में कुछ युवकों ने कथित तौर पर मोमोज के लालच में एक बच्चे को फुसलाकर घर से 86 लाख रुपये की ज्वेलरी चोरी करा ली. पीड़ित परिवार का कहना है कि यह घटना उनके लिए गहरे सदमे और आर्थिक संकट का कारण बन गई हैं.
पीड़ित परिवार के अनुसार, भगवानपुर तिवारी गांव निवासी विमलेश मिश्रा, जो वाराणसी में एक मंदिर में पुजारी है, उनके बेटे ने कक्षा सातवीं में पढ़ाई कर रहा हैं. परिवार के आरोप है कि डुमरी चौराहे पर मोमोज की दुकान लगाने वाले कुछ युवकों ने बच्चे की मासूमियत और मोमोज खाने की आदत का फायदा उठाया. बताया गया कि युवकों ने बच्चे को मोमोज खिलाने का लालच देकर उसे बहलाया और फुसलाया.
86 लाख रुपये की जेवरात युवकों को दी
परिवार के अनुसार, इस बहकावे में आकर बच्चे ने घर की अलमारी से अपने पिता और चाची की जेवरात निकालकर आरोपियों को दे दिए. चोरी की गई ज्वेलरी की कीमत लगभग 86 लाख रुपये आंकी जा रही हैं. पिता विमलेश मिश्रा ने बताया कि ये आभूषण पहले सुरक्षित रूप से अलमारी में रखे गए थे.
घटना का खुलासा तब हुआ जब रविवार को परिवार की चाची ने अपनी ज्वेलरी मांगने के लिए अलमारी खोली. जेवर गायब पाए जाने पर परिवार में हड़कंप मच गया. बेटे से पूछताछ करने पर उसने कथित तौर पर बताया कि उसने मोमोज के बदले जेवर दुकानदार को दे दिए थे. पिता का आरोप है कि इस मामले में तीन युवक शामिल थे, जिन्होंने मासूम बच्चे की भोली-भाली सोच का पूरा फायदा उठाया.
पुलिस ने की कार्रवाई
रामपुर कारखाना थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई हैं. बच्चे से भी पूछताछ की जा रही है ताकि पूरी सच्चाई सामने आ सके और आरोपियों को गिरफ्तार किया जा सके. उन्होंने कहा कि चोरी गई ज्वेलरी की कीमत 85 से 86 लाख रुपये बताई जा रही हैं.
यह भी पढ़े: वोडका से लेकर वाइन तक.. जानें 5 ऐसी आइसक्रीम के बारे में, जिसमें होता है शराब का अनोखा फ्लेवर