न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
खगड़िया - बिहार में तेज रफ्तार वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला खगड़िया जिले के मानसी थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां सोमवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई। हादसा एनएच-31 पर ठठा गांव के समीप हुआ, जहां यात्रियों से भरे एक ऑटो को तेज रफ्तार ट्रक ने जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि मौके पर ही चीख-पुकार मच गई और सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मृतकों में महिलाएं और एक दो महीने का नवजात बच्चा भी शामिल बताया जा रहा है। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया है और पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हाईलाइट्स -
- खगड़िया के मानसी थाना क्षेत्र में NH-31 पर भीषण सड़क हादसा
- तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो, सफारी और पिकअप को मारी टक्कर
- नवजात और महिलाओं समेत 7 लोगों की मौके पर मौत
- 4 घायल सदर अस्पताल में भर्ती, इलाके में पसरा मातम
टक्कर के बाद कई वाहनों को रौंदता चला गया ट्रक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक की रफ्तार बेहद तेज थी और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। ऑटो को टक्कर मारने के बाद ट्रक सड़क किनारे खड़ी एक टाटा सफारी से जा भिड़ा और फिर आगे चल रही पिकअप वैन में घुस गया। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ऑटो और अन्य वाहनों के परखच्चे उड़ गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रक करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रहा था। टक्कर के बाद चालक भागने की कोशिश में था, लेकिन पिकअप में ट्रक फंस जाने के कारण वह आगे नहीं बढ़ सका। हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने में जुट गए।
अस्पताल में चल रहा इलाज, गांव में पसरा मातम
इस हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें आनन-फानन में खगड़िया सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है और कुछ की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही मानसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद मृतकों के गांवों में सन्नाटा पसरा हुआ है। स्थानीय लोग प्रशासन से एनएच-31 पर तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती और नियमित निगरानी की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।
इसे भी पढ़ें - अरे मैडम जी! 100 रुपए में ईमान बेच रहीं हैं क्या? मोतीहारी के सरकारी स्कूल में एडमिशन के नाम पर वसूली का वीडियो वायरल