विपुल बिश्वास/न्यूज11 भारत
अररिया/डेस्क: अररिया जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 280 किलो गांजा बरामद किया है. इस मामले में उत्तर प्रदेश के रहने वाले दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है. जब्त गांजे की अनुमानित बाजार कीमत करीब 42 लाख रुपये आंकी जा रही है.
अररिया के जोकीहाट थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि भारी मात्रा में गांजा लेकर एक पिकअप वैन सिलीगुड़ी–अररिया फोरलेन सड़क के रास्ते गुजरने वाली है. सूचना के आधार पर पुलिस ने काकन चौक के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया. इसी दौरान एक संदिग्ध पिकअप वैन को रोककर तलाशी ली गई.
तलाशी के दौरान पुलिस ने पिकअप वैन के तहखाने में बेहद चालाकी से छुपाकर रखे गए कुल 280 किलो गांजा को बरामद किया. मौके से उत्तर प्रदेश निवासी दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया. पूछताछ में सामने आया है कि गांजा गुवाहाटी से लाया जा रहा था और इसे उत्तर प्रदेश ले जाया जाना था.
इस संबंध में अररिया के पुलिस अधीक्षक अंजनी कुमार ने बताया कि पुलिस तस्करी के इस नेटवर्क की बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की गहन जांच कर रही है. साथ ही इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
फिलहाल गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ जारी है और पुलिस इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है. वहीं फारबिसगंज पुलिस प्रतिबंधित लाटरी टिकट के साथ पांच लोगों को गिरफ्तार किया.
यह भी पढ़ें: चोरी की घटनाओं पर लगाम कसने के लिए अहिल्यापुर चौक पर पुलिस की बैठक, सतर्कता का दिया मंत्र