न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
वैशाली / रवि कुमार : बिहार के वैशाली जिले से एक बार फिर कानून-व्यवस्था को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। करताहाँ थाना क्षेत्र के घटारो गांव में दिनदहाड़े अपराधियों ने एक युवक को घेरकर पहले जमकर मारपीट की और फिर उसे गोली मार दी। यह पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें अपराधियों की बेरहमी साफ देखी जा सकती है।
सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि कुछ बदमाश पहले युवक को रोकते हैं, उसके साथ हाथापाई करते हैं और फिर उसे गोली मारकर मौके से फरार हो जाते हैं। इस हमले के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।
गोली लगने से घायल युवक को तुरंत स्थानीय लोगों की मदद से निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। डॉक्टरों के अनुसार युवक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।
घटना के बाद से ही पीड़ित परिवार दहशत में है और गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। वहीं सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि सीसीटीवी में पूरी घटना और आरोपियों की पहचान स्पष्ट होने के बावजूद 36 घंटे बाद भी पुलिस किसी आरोपी तक नहीं पहुंच सकी है।
पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली गई है और लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।फिलहाल इस वारदात ने एक बार फिर बिहार में कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इसे भी पढ़ें- बिहार एसटीएफ को बड़ी कामयाबी, मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़