चंचल गिरी/न्यूज 11 भारत
जामताड़ा/डेस्क: साइबर अपराध के खिलाफ जामताड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर डीएसपी अमित रविदास के नेतृत्व में गठित छापेमारी दल ने नारायणपुर थाना क्षेत्र के मुरलीपहाड़ी से ईदगाह मोड़ जाने वाली पक्की सड़क के उत्तर फुलझरिया स्थित पानी टंकी के पास बांस झुंड में छापेमारी कर तीन साइबर आरोपियों को गिरफ्तार किया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आरिफ अंसारी (28 वर्ष), शाहजहां अंसारी (40 वर्ष) और जिसान अंसारी (24 वर्ष) के रूप में हुई है. तीनों बंदरचुआ गांव, थाना नारायणपुर, जिला जामताड़ा के निवासी बताए गए हैं.इनके पास से 4 मोबाइल और 6 सिम कार्ड बरामद हुआ है.
पुलिस के अनुसार आरोपी गूगल पर विभिन्न ई-कॉमर्स कंपनियों, ई-पेमेंट कंपनियों और उपभोक्ता सामग्री कंपनियों के कस्टमर केयर नंबर के रूप में फर्जी मोबाइल नंबर डालकर लोगों को फोन करते थे. ग्राहकों की समस्याओं का समाधान करने के बहाने उनके मोबाइल पर स्क्रीन शेयरिंग ऐप डाउनलोड करवाते थे और इसके जरिए बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल कर साइबर ठगी करते थे.इनलोगों के विरुद्ध साइबर थाना कांड संख्या 65/26 दर्ज कर तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है.
यह भी पढ़ें: 48 घंटे से लापता 48 वर्षीय जनार्दन चौधरी का पोखरापार में मिला शव, जांच में जुटी पुलिस