न्यूज11 भारत
नवादा/डेस्क: नवादा जिले के नारदीगंज प्रखंड के फालडू गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए उसकी पत्नी और जीजा पर अवैध संबंध का शक जाहिर किया है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
मृतक की पहचान नारदीगंज प्रखंड के जादूपुर गांव निवासी 26 वर्षीय राहुल कुमार के रूप में हुई है. राहुल का विवाह 22 फरवरी 2023 को फालडू गांव की प्रियंका कुमारी से हुआ था. हिंदू रीति रिवाज से धूमधाम से हुई थी.
मृतक के भाई रोहित कुमार ने आरोप लगाया है कि राहुल की हत्या प्रेम प्रसंग के चलते की गई है. रोहित के अनुसार, राहुल की पत्नी प्रियंका कुमारी का अपने ही जीजा के साथ अवैध संबंध था. इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था.
रोहित ने बताया कि शादी के छह महीने बाद से ही वैवाहिक जीवन में कलह शुरू हो गई थी, जिसका कारण राहुल द्वारा अवैध संबंध का विरोध करना था. सोमवार को राहुल कुमार अपने ससुराल गया था, और बुधवार को परिजनों को उसकी तबीयत बिगड़ने से अचानक मौत होने की सूचना मिली.
सूचना मिलने पर परिजनों ने पुलिस को जानकारी दी और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लाया गया. मृतक के भाई ने नारदीगंज थाना में लिखित आवेदन दिया है, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
डीएसपी राहुल कुमार ने बताया कि घटना स्थल पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है. पुलिस फिलहाल आरोपों और मौत के कारणों की एक-एक बिंदु पर गहनता से जांच कर रही है. इस मामले में मृतक की पत्नी सहित दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. डीएसपी ने यह भी बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो पाएगा.
यह भी पढ़ें: सुपौल में दिनदहाड़े 25 लाख की लूट, थाना से 200 मीटर दूर मवेशी व्यापारी को बनाया निशाना