न्यूज11 भारत
बेतिया/डेस्क: बेतिया जिले के नरकटियागंज अनुमंडल अंतर्गत गोनाहा थाना क्षेत्र के मुरली भरहवा गांव में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई. झड़प के दौरान जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें दोनों पक्षों से करीब एक दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना का एक लाइव वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों पक्षों को एक-दूसरे पर लाठियां बरसाते हुए देखा जा सकता है.
घायलों को पहले अनुमंडलीय अस्पताल नरकटियागंज में प्राथमिक उपचार दिया गया. घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें बेतिया जीएमसीएच रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है. अनुमंडलीय अस्पताल के डॉक्टर संतोष कुमार के अनुसार एक पक्ष से चार लोग सिर फटने की गंभीर चोट के साथ अस्पताल लाए गए थे, जिनका उपचार किया गया.
घायल शेख तबरेज ने आरोप लगाया कि विवादित भूमि पिछले 80 वर्षों से उनके कब्जे में है और उनके पास इससे संबंधित वैध रसीद भी मौजूद है. उनका दावा है कि दूसरा पक्ष जबरन कब्जा करने की कोशिश कर रहा था, इसी को लेकर विवाद बढ़ा और झड़प हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही 112 नंबर की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया. गोनाहा थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए सतर्कता बढ़ा दी गई है. दोनों पक्षों से आवेदन देने को कहा गया है, आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है.
यह भी पढ़ें: कहलगांव में झोलाछाप डॉक्टर की खौफनाक करतूत, यूट्यूब देखकर किया ऑपरेशन, गर्भवती महिला की मौत