अभिषेक राज/न्यूज11 भारत
गयाजी/डेस्क: गयाजी से बड़ी खबर सामने आई है. बुनियादगंज थाना क्षेत्र के मानपुर स्थित जोड़ा मस्जिद इलाके में 5 दिन पहले हुई दिनदहाड़े गोलीबारी का वीडियो अब सामने आया है. वीडियो वायरल होते ही यह मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है.
वायरल फुटेज में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि जमीन विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आते हैं और देखते ही देखते हालात बेकाबू हो जाते हैं. करीब 1 मिनट 39 सेकंड के इस वीडियो में 4 से 5 अपराधी खुलेआम फायरिंग करते नजर आ रहे हैं. सामने वाला पक्ष गोली से बचने की कोशिश करता दिखाई देता है, वहीं हमलावरों द्वारा डंडे से भी हमला किया जाता है.
वीडियो में आगे देखा जा सकता है कि अपराधी एक व्यक्ति को पकड़कर बेरहमी से मारपीट करते हैं. इसी दौरान उसे छुड़ाने पहुंचे दूसरे व्यक्ति के हाथ में गोली लग जाती है. इस गोलीबारी में कुल तीन लोग घायल हुए थे. घटना दिन के उजाले में होने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई, राहगीरों की जान पर बन आई और लोग इधर-उधर भागते नजर आए.
जानकारी के मुताबिक, जोड़ा मस्जिद के पास जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. मामला कोर्ट में विचाराधीन होने के बावजूद दोनों पक्ष जमीन पर कब्जा करने पर आमादा थे. इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और एक पक्ष की ओर से अचानक फायरिंग शुरू कर दी गई.
फिलहाल पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. वीडियो सामने आने के बाद कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय लोग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें: पश्चिम सिंहभूम केमिस्टस एण्ड ड्रगिस्टस एसोसिएशन, चाईबासा की आम सभा सह सम्मान समारोह सम्पन्न