इन्द्रदेव/न्यूज11 भारत
सहरसा/डेस्क: सहरसा जिले के बलवाहाट थाना क्षेत्र में पुलिस ने अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बरामद कर शराब तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है. पुलिस ने गिट्टी लदे दस चक्का हाइवा ट्रक से 300 कार्टन विदेशी शराब जब्त की है, जिसकी कुल मात्रा 2816 लीटर बताई जा रही है. बरामद शराब की अनुमानित कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है.
जानकारी के अनुसार, नए वर्ष में शराब खपाने की नीयत से शराब तस्कर झारखंड से सिमरी बख्तियारपुर के रास्ते बलवाहाट की ओर गिट्टी के नीचे छुपाकर विदेशी शराब ले जा रहे थे. इसी दौरान बलवाहाट थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली. सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सिमरी बख्तियारपुर की ओर से आ रहे हाइवा ट्रक को रोककर जांच की. जांच के दौरान ट्रक में ऊपर गिट्टी लदी मिली, जबकि नीचे बड़ी मात्रा में विदेशी शराब छुपाकर रखी गई थी.
तलाशी के क्रम में ट्रक से रॉयल स्टेज व्हिस्की की 750 एमएल की 1784 बोतल, 375 एमएल की 2388 बोतल और 180 एमएल की 3238 बोतल बरामद की गई. इस मामले में सरोंजा गांव निवासी शराब तस्कर मनोज यादव, उसके साथ ट्रक चालक और खलासी को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन और एक हाइवा ट्रक भी जब्त किया है. फिलहाल पुलिस सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया में जुटी हुई है.
यह भी पढ़ें: जादूगोड़ा के पोटका क्षेत्र में हाथियों के विचरण का तीसरा दिन, चार हाथियों का झुंड स्वर्गचिड़ा पहुंचा