इन्द्रदेव/न्यूज11 भारत
सहरसा/डेस्क: बिहार के सहरसा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां कासनगर थाना क्षेत्र के मौरा गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई. इस हिंसक झड़प में महिला समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनका इलाज चल रहा था. इलाज के दौरान एक जख्मी 55 वर्षीय ललित महतो की मौत हो गई, जिससे गांव में तनाव का माहौल बन गया है.
परिजनों के अनुसार, यह विवाद करीब 10 धुर जमीन को लेकर हुआ था. फुलो देवी ने आरोप लगाया कि विरोधी पक्ष ने पहले अपना घर बना लिया और जब वे लोग उसी जमीन पर घर बनाने लगे तो उन पर हमला कर दिया गया. इस दौरान उदय नामक व्यक्ति समेत आठ से दस लोगों ने मिलकर लाठी-डंडे से मारपीट की, जिसमें कई लोग घायल हो गए.
घटना में मंजू देवी और पिंकी देवी भी गंभीर रूप से घायल हुई हैं, जिनका इलाज अस्पताल में जारी है. वहीं ललित महतो की हालत गंभीर होने पर उन्हें इलाज के लिए भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि शनिवार को जब वे लोग पोस्टमार्टम कराने सदर अस्पताल पहुंचे, तो वहां भी विरोधी पक्ष के लोगों ने पहुंचकर धमकी दी. इसकी सूचना पुलिस को दी गई, लेकिन तत्काल कोई कार्रवाई नहीं की गई.
इस मामले को लेकर सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मुकेश ठाकुर ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: नवादा विधि महाविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय सेमिनार का भव्य आयोजन