संजय कुमार/न्यूज11 भारत
बेगूसराय/डेस्क: बेगूसराय | जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव में मंगलवार को एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां बदमाशों ने एक युवक की पहले बेरहमी से पिटाई की और फिर गोली मारकर हत्या कर दी. घटना के बाद विरोध करने पहुंचे परिजनों पर भी हमला कर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई, जिसमें एक पुलिस जवान समेत करीब आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है.
मृतक की पहचान किल्ली पहाड़पुर वार्ड संख्या-6 निवासी 27 वर्षीय मोहम्मद वकील उर्फ मखिया (पिता: मोहम्मद अब्दुल सत्तार) के रूप में हुई है. वह फल और मछली का व्यवसाय करता था. बताया जा रहा है कि वकील मंगलवार को अपने घर से दुकान जाने के लिए निकला था, तभी किल्ली-मोहनपुर के पास बदमाशों ने उसे पकड़ लिया और सुनसान इलाके वदियां चौड़ ले जाकर बेरहमी से पिटाई की. इसके बाद उसे गोली मार दी गई और आरोपी फायरिंग करते हुए फरार हो गए.
घटना की सूचना मिलते ही परिजन जब मोहनपुर वार्ड संख्या-2 पहुंचे और आरोपियों से बातचीत की कोशिश की, तो पहले से मौजूद बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया. देखते ही देखते मामला हिंसक झड़प में बदल गया और लाठी-डंडों के साथ हथियारों से लैस बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी.
इस हमले में नौशाद (40), मुर्तुजा (38), मनौव्वर (30), शाहनवाज (28) और किस्मत अली समेत करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए. घायलों में मोहम्मद मुनव्वर भी शामिल हैं, जो बिहार पुलिस के सिपाही हैं और सिवान पुलिस लाइन में तैनात हैं. वह ईद के मौके पर छुट्टी लेकर घर आए थे.
परिजनों का आरोप है कि स्थानीय बदमाशों के साथ मृतक का मछली कारोबार को लेकर पुराना विवाद चल रहा था. बताया जा रहा है कि करीब डेढ़ महीने पहले एक निजी पोखर में मछली मारने को लेकर विवाद हुआ था. उसी विवाद से जुड़ी एक खबर एक स्थानीय यूट्यूबर द्वारा चलाई गई थी, जिस पर भी आरोपियों ने आपत्ति जताई थी. उस समय मुफस्सिल थाना के चौकीदार मोहम्मद जहांगीर ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया था. मृतक वकील, जहांगीर का साला बताया जा रहा है, जिससे विवाद और गहराने की आशंका जताई जा रही है.
घटना की सूचना मिलते ही एसपी मनीष मौके पर पहुंचे और कई थानों की पुलिस बल को तैनात कर दिया गया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और बाद में परिजनों को सौंप दिया. सभी घायलों का इलाज बेगूसराय सदर अस्पताल में चल रहा है.
एसपी मनीष ने बताया कि मामला दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश और मछली कारोबार विवाद से जुड़ा है, इसका किसी धर्म से कोई संबंध नहीं है. पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है.
फिलहाल गांव में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है. पुलिस ने दोनों पक्षों से कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
यह भी पढ़ें: भागलपुर: बत्ती गुलकर सीएसपी संचालक को अपराधियों ने मारी गोली, पटना रेफर