राहुल कुमार/न्यूज11 भारत
शेरघाटी/डेस्क: डोभी समेकित जांच चौकी डोभी पर पुलिस ने शनिवार को वाहन जांच के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए 375.100 लीटर अवैध बीयर व विदेशी शराब बरामद की. इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जबकि शराब ढोने में प्रयुक्त कार को जब्त कर लिया गया.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जांच के दौरान एक हुण्डई एक्सेंट कार (निबंधन संख्या- JH-10AZ-7685) को रोककर तलाशी ली गई. तलाशी के क्रम में कार से कुल 734 बोतल बीयर एवं विदेशी शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 375.100 लीटर बताई गई है.
गिरफ्तार आरोपित की पहचान रंजय कुमार (35 वर्ष) के रूप में हुई है. वह मुफस्सिल थाना क्षेत्र के खरहरी गांव का निवासी है. पूछताछ के बाद उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेजा गया.
पुलिस ने बताया कि जब्त कार का चेचिस और इंजन नंबर धिसा हुआ पाया गया है, जिसकी जांच की जा रही है.
छापेमारी दल में सब इंस्पेक्टर बन्टी यादव, आलोक कुमार, हलेन्द्र कुमार, विजय कुमार सहित मद्यनिषेध सिपाही, सैप बल और गृहरक्षक जवान शामिल थे.
थाना पुलिस ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है. अनुसंधान पूर्ण होने के बाद आरोप पत्र समर्पित किया जाएगा.
यह भी पढ़ें: पोलो मैदान में क्रिकेट खेलते समय 14 वर्षीय किशोर की मौत, सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित