इन्द्रदेव/न्यूज़11 भारत
बिहार/डेस्क: सहरसा जिले के थाना चौक पर छेड़खानी की एक शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां एक युवती के साथ असामाजिक तत्वों द्वारा उत्पीड़न किया गया. हालांकि, इस घटना में युवती ने डरने के बजाय साहस का परिचय देते हुए छेड़खानी करने वालों को मौके पर ही थप्पड़ मारकर करारा जवाब दिया. पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवती अपने रोजमर्रा के काम से थाना चौक से गुजर रही थी, इसी दौरान कुछ मनचलों ने उसके साथ छेड़खानी शुरू कर दी. युवती का गुस्सा उस वक्त फूट पड़ा जब उसने खुद को असहज महसूस किया और बिना देर किए आरोपियों के खिलाफ विरोध दर्ज कराया. युवती को दनादन थप्पड़ मारते देख आसपास मौजूद लोग हैरान रह गए. घटनास्थल पर मौजूद कुछ लोगों ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवती ने न केवल अपनी सुरक्षा की, बल्कि छेड़खानी करने वालों को खुलकर सबक भी सिखाया.
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग युवती की बहादुरी की जमकर सराहना कर रहे है. हालांकि न्यूज़11 भारत इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता हैं. कई यूजर्स ने इसे महिला सशक्तिकरण और आत्मरक्षा का सशक्त उदाहरण बताया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं पहले भी होती रही हैं, लेकिन युवती का साहसी कदम समाज के लिए एक मजबूत संदेश है.
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों के अनुसार, वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन ने महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए भविष्य में ऐसी घटनाओं पर सख्ती से निपटने का आश्वासन दिया है. यह घटना सहरसा जिले में महिला सुरक्षा, जागरूकता और आत्मसम्मान की लड़ाई को उजागर करती है, जिसने समाज में एक सकारात्मक चर्चा को जन्म दिया है.
यह भी पढ़े: वैशाली में तेज रफ्तार का कहर, हाईवा ने बाइक सवार को कुचला, CCTV में कैद हुई पूरी घटना