न्यूज11 भारत / पटना डेस्क: भभुआ रोड रेलवे स्टेशन पर उस समय एक भावुक और दृश्य देखने को मिला, जब एक गर्भवती महिला को ट्रेन से उतरते ही प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। विषम परिस्थितियों में ड्यूटी पर तैनात रेल पुलिस की महिला सिपाहियों ने तत्परता दिखाई और प्लेटफॉर्म संख्या-02 पर ही सुरक्षित प्रसव कराकर माँ और नवजात की जान बचाई।
सफर के बीच शुरू हुई प्रसव पीड़ा
घटना सोमवार की है, जब ट्रेन संख्या 63293 अप सुबह लगभग 11:32 बजे भभुआ रोड स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-02 पर पहुँची। कैमूर जिले के कुदरा थाना अंतर्गत कझहांर गाँव की निवासी 22 वर्षीय रीना देवी अपनी माँ चिंता देवी के साथ औरंगाबाद से मोहनिया अनुमंडलीय अस्पताल रूटीन चेकअप के लिए जा रही थीं। ट्रेन से उतरते ही अचानक रीना को तेज प्रसव पीड़ा हुई, जिससे स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया।
पुलिसकर्मियों ने संभाला मोर्चा
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्टेशन अधीक्षक एस. एस. आर. पी. सिंह और रेल थाना अध्यक्ष मुन्ना कुमार तत्काल मौके पर पहुँचे। समय रहते रेल पुलिस (GRP) की महिला सिपाही मधु साहनी, रिंकू कुमारी और रेल कर्मचारी सोनी कुमारी ने मोर्चा संभाला। उन्होंने प्लेटफॉर्म पर ही सुरक्षित और गोपनीयतापूर्ण व्यवस्था की। जवानों के इस मानवीय सहयोग का नतीजा रहा कि 11:40 बजे रीना ने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया।
जच्चा-बच्चा दोनों सुरक्षित
प्रसव के बाद स्टेशन प्रशासन ने तुरंत एंबुलेंस बुलाई। दोपहर 12:30 बजे जच्चा-बच्चा को उनकी मौसी मुनी देवी (आशा कार्यकर्ता) की देखरेख में सुरक्षित मोहनिया के अनुमंडलीय अस्पताल पहुँचाया गया। अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, माँ और नवजात दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं। स्टेशन पर तैनात पुलिसकर्मियों के इस त्वरित और मानवीय कार्य की हर तरफ सराहना हो रही है। इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि ड्यूटी के साथ-साथ पुलिस का मानवीय चेहरा समाज में भरोसा कायम रखता है।