न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: फरवरी बढ़ते ही बिहार में मौसम लोगों को उलझन में डाल रहा है. सुबह और शाम हल्की ठंड का अहसास, दोपहर में चुभती धूप और बढ़ता तापमान यही हाल इन दिनों राज्यभर में देखने को मिल रहा है. ऐसे में आम लोगों के मन में सवाल उठ रहा है कि क्या अब गर्म कपड़ों को अलमारी में रख दिया जाए या अभी संभालकर रखना ही ठीक होगा?
राज्य में दिन की शुरुआत ठंडी हवा और हल्के कोहरे के साथ हो रही है. हालांकि सूरज चढ़ते ही मौसम पूरी तरह करवट ले लेता है. गुरुवार सुबह वाल्मिकीनगर में दृश्यता मात्र 200 मीटर दर्ज की गई, लेकिन जैसे-जैसे धूप तेज हुई, कोहरे का असर कम होता गया. दोपहर में गर्मी इतनी बढ़ जाती है कि लोग धूप से बचते नजर आते है जबकि शाम ढलते ही हवाओं के साथ फिर से हल्की ठंडक लौट आती है. इस बदलते मौसम ने लोगों की दिनचर्या और पहनावे को लेकर असमंजस बढ़ा दिया है.
बिहार के सभी जिलों में ठंड का असर एक जैसा नहीं है. गोपालगंज, कैमूर, डेहरी, गया और शेखपुरा समेत करीब एक दर्जन जिलों में ठंड काफी कमजोर पड़ चुकी है. इन इलाकों में दिन का तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है और कुछ जगहों पर पारा 30 डिग्री तक पहुंच रहा है. वहीं, राज्य के अन्य हिस्सों में मौसम अभी नरम बना हुआ है. यहां अधिकतम तापमान 19 से 25 डिग्री के बीच दर्ज किया जा रहा है. रात के तापमान में भी ज्यादा गिरावट नहीं है. सभी जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से ऊपर बना हुआ है और हल्की सर्द हवाओं से सुबह-शाम सिहरन महसूस हो रही है.
कल से कोहरे से राहत के संकेत
मौसम विभाग के मुताबिक, फिलहाल बिहार के तराई क्षेत्रों में कोहरे का असर ज्यादा है. पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज में घना कोहरा छाया हुआ है, जिसके चलते इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. हालांकि राहत की बात यह है कि 7 फरवरी से घने कोहरे को लेकर कोई चेतावनी नहीं दी गई है. इसका मतलब साफ है कि आने वाले दिनों में कोहरे का असर काफी हद तक खत्म हो जाएगा और धूप और तेज होगी.
मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक बिहार में मौसम इसी तरह उतार-चढ़ाव भरा रह सकता है. दिन के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी, लेकिन रात और सुबह की हल्की ठंड अभी बनी रह सकती है. कहीं-कहीं हल्के बादल और धीमी हवा भी चल सकती है. फिलहाल ठंड की पूरी विदाई में अभी थोड़ा वक्त लग सकता है.
यह भी पढ़े: किशनगंज: NGT के प्रतिबंध के बावजूद बगलबाड़ी में धड़ल्ले से अवैध खनन, DM ने जांच का दिया आश्वासन