न्यूज़11 भारत
बिहार/डेस्क: नवादा में एक महिला द्वारा खुलेआम शराब पिलाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. इस घटना के बाद बिहार पुलिस सक्रिय हो गई है. यह वीडियो नवादा के मिर्जापुर इलाके से जुड़ा है. वायरल वीडियो में एक महिला दो व्यक्तियों को देसी शराब पिलाती हुई दिखाई दे रही है. स्थानीय लोगों ने दूर से इस घटना का वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर साझा कर नवादा पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए.
वीडियो वायरल होने के बाद नवादा पुलिस ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर घटना की पुष्टि की है. पुलिस के अनुसार, शराब पिलाने वाली महिला की पहचान कर ली गई है और उसे जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा. पुलिस ने यह भी दावा किया है कि वीडियो सामने आने के बाद इलाके में छापेमारी की गई, जिसमें शराब बरामद हुई है. यह इलाका आमतौर पर शराब माफिया के कब्जे में माना जाता है, जहां शाम होते ही शराब की महफिलें सज जाती है. इस घटना ने नवादा में शराबबंदी की प्रभावशीलता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए है. सोशल मीडिया पर यूजर्स बिहार पुलिस की आलोचना कर रहे हैं और उनकी निष्क्रियता पर तंज कस रहे है.
हालांकि, छापेमारी में शराब बरामद होने के बावजूद शराब बेचने वाली महिला को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया जा सका है. वीडियो में एक व्यक्ति द्वारा किसी महिला से पैसे मांगने की आवाज भी सुनाई दे रही है, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि वह भी शराब के अड्डे पर खड़ा होकर पैसे वसूल रहा था. इस मामले में पैसा वसूलने वाले व्यक्ति की पहचान भी एक बड़ा सवाल बनी हुई है.
यह भी पढ़े: सदर अस्पताल में संवेदनहीनता की पराकाष्ठा, व्हीलचेयर नहीं मिलने से भारी भरकम पत्नी को पीठ पर ढो़ता रहा पति