शंभू भगत/न्यूज11 भारत
भागलपुर/डेस्क: भागलपुर कहलगांव थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. चेकिंग के क्रम में एक काले रंग की मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को संदिग्ध स्थिति में रोका गया. तलाशी लेने पर उनके पास से करीब 7 किलोग्राम गांजा और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए.गिरफ्तार आरोपियों में एक की पहचान रन्टू मंडल, निवासी पीरपैंती के रूप में हुई है. दूसरे आरोपी से भी पूछताछ की जा रही है. पुलिस ने मौके पर ही दोनों को हिरासत में लेकर थाना लाया, जहां आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की गई.पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नियमित वाहन चेकिंग अभियान के तहत संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी. इसी दौरान काले रंग की मोटरसाइकिल पर सवार दोनों युवक पुलिस को देखकर घबराए हुए नजर आए. शक के आधार पर जब उनकी तलाशी ली गई तो बैग में छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ.बरामद गांजा की कुल मात्रा लगभग 7 किलो बताई जा रही है. साथ ही दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं, जिनकी कॉल डिटेल्स खंगाली जाएगी ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी मिल सके.
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है. यह भी जांच की जा रही है कि गांजा कहां से लाया जा रहा था और किस स्थान पर इसकी आपूर्ति की जानी थी.
स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है. लगातार चल रहे चेकिंग अभियान से अवैध तस्करी पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है.
यह भी पढ़ें: शेरघाटी के अनुमंडलीय अस्पताल सह ट्रॉमा सेंटर में लापरवाही का नजारा, नवजात की मौत से मचा हड़कंप