न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क: बिहार के लोगों का दिल्ली पहुंचना अब और भी आसान हो जाएगा। उत्तर प्रदेश में बन रहे दो बड़े एक्सप्रेसवे से बिहार के लोगों को यह बड़ा फायदा होगा। मिली जानकारी के अनुसार गंगा एक्सप्रेसवे बनकर तैयार हो गया है। शामली-गोरखपुर एक्सप्रेसवे के तैयार होने के बाद उत्तर और दक्षिण बिहार से दिल्ली तक का सफर तेज और बहुत ही सुविधाजनक हो जाएगा।
594 किलोमीटर लंबा होगा गंगा एक्सप्रेसवे
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 29 अप्रैल को गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया था। लगभग 594 किलोमीटर लंबे इस एक्सप्रेसवे पर वाहनों की रफ्तार 120 किमी/घंटा रहेगी। लगभग 36,320 करोड़ रुपये की लागत से बने इस मार्ग से दक्षिण बिहार के जिलों, रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद, गया, आरा और बक्सर के लोगों को विशेष फायदा होगा। इन्हें वाराणसी होकर प्रयागराज के जरिए इस एक्सप्रेसवे तक पहुंचना होगा।
बिहार के इन जिलों को मिलेगा बड़ा फायदा
इसके अलावा, करीब 700 किलोमीटर लंबा शामली-गोरखपुर एक्सप्रेसवे 35 हजार करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जा रहा है। यह एक्सेस-कंट्रोल्ड 6-लेन मार्ग उत्तर प्रदेश-हरियाणा सीमा पर शामली से शुरू होकर गोरखपुर तक पहुंच जाएगा। जान लें कि इसे भारतमाला परियोजना के तहत नॉर्दर्न इकोनॉमिक कॉरिडोर के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसे आगे गोरखपुर-सिलीगुड़ी कॉरिडोर से जोड़ा जाएगा। इस कॉरिडोर का लाभ उत्तर बिहार को मिलेगा, क्योंकि यह बिहार के आठ जिलों पूर्वी और पश्चिम चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज से गुजरेगा।
गया और बेतिया से 15 घंटे में
जानकारी के अनुसार इन दोनों एक्सप्रेसवे के पूरी तरह चालू होने के बाद बिहार से दिल्ली तक की सड़क यात्रा मात्र 15 से 18 घंटे में पूरी हो जाएगी। पटना से दिल्ली जाने के लिए संभावित रूट भी काफी आसान हो जाएगा। वहीं, पटना से आरा-बक्सर राष्ट्रीय राजमार्ग होते हुए गाजीपुर-बलिया के रास्ते पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से लखनऊ पहुंचा जा सकेगा। यहां से फिर लखनऊ-आगरा मार्ग होते हुए यमुना एक्सप्रेसवे के जरिए सीधे दिल्ली पहुंचा जा सकेगा।