न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: देश के प्रख्यात समाजवादी चिंतक, पूर्व मुख्यमंत्री और भारत रत्न जननायक स्वर्गीय कर्पूरी ठाकुर के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं. उनके विचारों से आज के राजनेताओं को प्रेरणा लेनी चाहिए. ये बातें राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने कही. वे राष्ट्रीय लोक मोर्चा बिहार प्रदेश कार्यालय में आयोजित कर्पूरी ठाकुर की 102वीं जयंती समारोह को संबोधित कर रहे थे. इस अवसर पर उपेंद्र कुशवाहा ने कर्पूरी ठाकुर की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी.
अपने संबोधन में उपेंद्र कुशवाहा ने सरकार से मांग की कि विद्यालयों के पाठ्यक्रम में जननायक कर्पूरी ठाकुर के व्यक्तित्व और कृतित्व को शामिल किया जाए, ताकि आने वाली पीढ़ी उनके विचारों और संघर्ष से प्रेरणा ले सके. उन्होंने यह भी कहा कि कर्पूरी ठाकुर की जयंती को संकल्प दिवस के रूप में मनाया जाना चाहिए.
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए राष्ट्रीय लोक मोर्चा के वरिष्ठ नेता सुभाष चंद्रवंशी ने कहा कि जननायक कर्पूरी ठाकुर जीवन भर गैर-बराबरी के खिलाफ संघर्ष करते रहे और शोषित, पीड़ित व वंचित समाज को मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया. वहीं, कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को जननायक कर्पूरी ठाकुर की जीवनी से प्रेरणा लेनी चाहिए और उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और नेता उपस्थित रहे.
ये भी पढ़ें- डॉ इरफान अंसारी ने इमरान प्रतापगढ़ी से की मुलाकात, कई मुद्दों को लेकर हुई चर्चा