अविनाश श्रीवास्तव/न्यूज11 भारत
रोहतास/डेस्क: रोहतास जिले से रविवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ डेहरी नगर थाना क्षेत्र स्थित रेलवे स्टेशन सब्जी मंडी के पास एक लावारिस ट्रॉली बैग में शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. रविवार की सुबह करीब नौ बजे जब स्थानीय लोगों ने लावारिस हालत में पड़े बैग को देखा, तो अनहोनी की आशंका हुई और बैग से आ रही दुर्गंध देखते हुए तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई.
घटनास्थल पर जुटी भारी भीड़, पुलिस पर उठे सवाल
वहीं सूटकेस में शव मिलने की सूचना पूरे इलाके में आग की तरफ फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. हालांकि सूचना पर पहुंची डेहरी नगर थाने की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया, लेकिन इस क्रम में पुलिस द्वारा वहां मौजूद लोगों एवं मीडिया कर्मियों को शव नहीं दिखाए जाने से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे. लोगों का आरोप है कि पुलिस ने शव की पहचान के लिए आम जनता या मीडिया को शव दिखाए बिना हीं उसे तुरंत अपने कब्जे में ले लिया. जिससे मौके पर मौजूद लोगों में काफी नाराजगी देखी गई. स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि यदि पुलिस शव को पहचान के लिए सार्वजनिक करती, तो शायद उसकी शिनाख्त जल्दी हो पाती.
एसपी ने दी संक्षिप्त जानकारी
मामले में रोहतास पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं एफएसएल टीम के मंतव्य के बाद जानकारी साझा की जाएगी. फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज आदि को खंगाल रही है, ताकि पता चल सके कि उक्त स्थल पर सूटकेस कब और किसने फेंका?
लगभग 30 वर्षीय युवती का शव
प्रभारी डेहरी एसडीपीओ गौतम कुमार यादव के अनुसार लगभग 30 वर्षीय एक अज्ञात युवती का शव सूटकेस से बरामद हुआ है. घटनास्थल की वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी कराई गई है और एफएसएल टीम द्वारा भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाया गया है. एसडीपीओ ने बताया कि मेडिकल बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम किया जा रहा है और रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की पुष्टि होगी.
यह भी पढ़ें: बेगूसराय में बीएससी नर्सिंग छात्र की हत्या, इलाके में मचा कोहराम, मौके पर पहुंचे एसपी मनीष