न्यूज11 भारत
पटना/डेस्क: बिहार में शनिवार को क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम्स (CCTNS) नागरिक सेवाओं के पोर्टल का शुभारंभ किया गया. इसकी शुरुआत बिहार के उप मुख्यमंत्री सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने आज पुलिस मुख्यालय में की.
भाजपा के प्रवक्ता कुंतल कृष्ण ने इस पोर्टल के संबंध में कहा कि यह आधुनिक पोर्टल बिहार की कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम है, जहाँ हर नागरिक को तेज, पारदर्शी और तकनीक-सक्षम सेवाएँ मिलेंगी.
उन्होंने कहा कि बिहार में एनडीए सरकार की प्राथमिकता सुशासन की रही है और यही इस सरकार की पृष्ठभूमि भी रही है. उन्होंने कहा कि इस पोर्टल के जरिए लोग अपनी शिकायतों को दर्ज कर सकेंगे. सरकार बनते ही एनडीए इस चुनाव में किए वादों को पूरा करने में जुट गई है.
उन्होंने कहा कि यह पोर्टल जनता और पुलिस के बीच दूरी कम करेगा तथा पारदर्शिता बढ़ाएगा. उन्होंने कहा कि नागरिक अब अपने मोबाइल से ही शिकायत दर्ज करा पाएंगे, जिसके बाद पुलिस द्वारा उसकी जांच की जाएगी.
यह भी पढ़ें: गावां में एफसीआई के अनाज लदे वाहन को कांग्रेस नेता ने कालाबाजारी के शक में रोका