इन्द्रदेव/न्यूज़11 भारत
बिहार/डेस्क: ये खबर बिहार के सहरसा से है, जहां सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिरादेय पंचायत के दिघिया वार्ड संख्या-1 में जमीन विवाद को लेकर तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है. स्थानीय निवासी अजय कुमार (पिता– सुरेश मिश्री) ने सदर थाना अध्यक्ष को आवेदन देकर न्याय एवं सुरक्षा की गुहार लगाई है.
आवेदन में अजय कुमार ने आरोप लगाया है कि अपने हिस्से की दो कट्ठा पुश्तैनी जमीन बिक्री करने के बाद उनके चचेरे दियाद द्वारा लगातार विवाद खड़ा किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि रामचंद्र मिस्त्री, श्याम मिस्त्री, शिवन मिस्त्री (पिता– राजो मिस्त्री) तथा पप्पू कुमार श्रवण (पिता– रामचंद्र मिश्री) समेत अन्य लोग मिलकर उन्हें पंचायत में बुलाने का दबाव बना रहे हैं और जान से मारने की धमकी दे रहे है.
पीड़ित ने आशंका जताई है कि पंचायत में बुलाकर उनके साथ सामूहिक रूप से मारपीट की जा सकती है. उन्होंने बताया कि जमीन से संबंधित मामला न्यायालय में विचाराधीन है. मामला संख्या टी.एस. 14/2026 न्यायालय सब जज-1, सहरसा में लंबित है. इसके बावजूद पंचायत के माध्यम से समझौता करने का दबाव बनाया जा रहा है. अजय कुमार ने कहा कि हिस्सेदारी को लेकर पहले भी मारपीट की घटनाएं हो चुकी है. उन्होंने सदर थाना अध्यक्ष से मिलकर मामले में हस्तक्षेप करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है. वहीं सदर थाना अध्यक्ष सुबोध कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है. आवेदन के आधार पर जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़े: सहरसा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ‘नशा मुक्ति कोसी अभियान’ में 59 तस्कर गिरफ्तार, भारी मात्रा में शराब और ड्रग्स बरामद