सरफराज आलम/न्यूज11 भारत
लखीसराय/डेस्क: होली से ठीक एक दिन पहले जिले के किऊल बस्ती वार्ड संख्या 20 में नवविवाहित युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है, जबकि पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की बात कही है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका मूल रूप से जमालपुर की रहने वाली थी और इंटर तक पढ़ाई की थी. पढ़ाई के दौरान वह पचना रोड स्थित अपनी बहन के घर आया-जाया करती थी. इसी दौरान उसकी मुलाकात वार्ड संख्या-20 निवासी सोनू से हुई और दोनों ने परिवार की मर्जी के खिलाफ करीब छह माह पूर्व विवाह कर लिया. शादी के बाद कुछ समय तक दोनों किराये के मकान में रहे, बाद में ससुराल पक्ष के संपर्क में आए. बताया जा रहा है कि मृतका गर्भवती थी.अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने की सूचना मायके पक्ष को दी गई. परिजन जब तक मौके पर पहुंचे, युवती की मौत हो चुकी थी. मायके वालों का आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित किया जा रहा था और इसी कारण उसकी हत्या की गई है.
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम् कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर कबैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. मायके पक्ष के बयान पर दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है तथा कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
वहीं स्थानीय वार्ड पार्षद सुरेंद्र मंडल ने घटना पर दुख जताते हुए पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा. होली से पहले हुई इस घटना से इलाके में शोक और तनाव का माहौल है.
यह भी पढ़ें: Breaking News: सिवानडीह मोड़ स्थित टेंट हाउस में भीषण आग, कई सिलेंडर फटने की आशंका