न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क (अभिषेक, पटना)बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की मुहिम में एक और बड़ी मछली जाल में फंसी है. आय से अधिक संपत्ति के मामले में घिरे सुपौल के जिला अवर निबंधक अमरेंद्र कुमार के ठिकानों पर हुई छापेमारी ने जांच अधिकारियों के भी होश उड़ा दिए हैं. अब तक की जांच में अमरेंद्र कुमार के पास 10 करोड़ रुपये से भी अधिक की बेहिसाब चल-अचल संपत्ति का पता चला है. बुधवार को पटना, सुपौल और सारण समेत कुल पांच ठिकानों पर एक साथ हुई इस कार्रवाई में काली कमाई के बड़े साम्राज्य का पर्दाफाश हुआ.
सिलीगुड़ी की पॉश सोसाइटी में 6 करोड़ का प्रॉपर्टी निवेश
EOU की जांच में सबसे चौंकाने वाला खुलासा पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में हुआ है. अमरेंद्र कुमार ने वहां के एक पॉश इलाके में अपनी पत्नी नीता कुमारी के नाम पर करीब 25 कट्ठा जमीन खरीदी थी, जिसकी वर्तमान कीमत 6 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है. जानकारी के मुताबिक, इस जमीन पर रिजॉर्ट व्यवसाय में भी बड़े पैमाने पर निवेश की तैयारी थी, जिसका अब विभाग द्वारा गहन सत्यापन किया जा रहा है.
पटना के फ्लैट की साज-सज्जा पर खर्च किए करोड़ों
काली कमाई का निवेश केवल जमीन तक सीमित नहीं था. अमरेंद्र कुमार ने पटना के राज अपार्टमेंट में 65 लाख रुपये का एक फ्लैट खरीदा था, लेकिन चौंकाने वाली बात यह है कि इस फ्लैट की लग्जरी साज-सज्जा (Interior Decoration) पर उन्होंने करीब डेढ़ करोड़ रुपये खर्च कर डाले. इसके अलावा, उन्होंने अपनी सास गायत्री देवी के नाम पर सोनपुर में भी कीमती जमीन के प्लॉट बुक करा रखे थे.
सोने के बिस्किट, जेवर और ड्राइवर के नाम पर लग्जरी गाड़ियां
छापेमारी के दौरान जांच टीम को अमरेंद्र कुमार के ठिकानों से दो सोने के बिस्किट और करीब 1.25 करोड़ रुपये के सोने-चांदी के जेवरात बरामद हुए हैं. भ्रष्टाचार का खेल यहीं खत्म नहीं हुआ; जांच में यह भी सामने आया है कि साहब ने अपनी काली कमाई को छिपाने के लिए अपने ड्राइवर के नाम पर स्कॉर्पियो जैसी महंगी गाड़ियां खरीदी थीं, ताकि कानून की नजरों से बचा जा सके.
रडार पर पत्नी और करीबी रिश्तेदार
EOU के मुताबिक, अमरेंद्र कुमार ने अपनी आय के वैध स्रोतों से कई गुना अधिक संपत्ति अर्जित की है. संपत्ति को कानूनी जामे से बचाने के लिए उन्होंने अपनी पत्नी और सास को 'फ्रंट' के तौर पर इस्तेमाल किया. फिलहाल, EOU की टीम जब्त किए गए दस्तावेजों की जांच कर रही है और माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में कई और रसूखदारों के नाम सामने आ सकते हैं.