राजू राज/न्यूज11 भारत
दानापुर/डेस्क: पटना के फुलवारीशरीफ थाना क्षेत्र स्थित एम्स गोलंबर के पास एक निजी हॉस्टल में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में छत से गिरकर मौत हो गई. गंभीर हालत में उसे तत्काल एम्स ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतका जानीपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है. घटना के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स में सुरक्षित रखा गया है.
सूचना मिलते ही फुलवारी शरीफ के डीएसपी शुशील कुमार मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी. पुलिस पूरे मामले को संदिग्ध मानते हुए हर पहलू से पड़ताल कर रही है. हॉस्टल प्रबंधन, स्टाफ और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है. गौरतलब है कि हाल ही में एक अन्य छात्रा की संदिग्ध मौत का मामला भी सामने आया था. ऐसे में इस घटना के बाद इलाके में चर्चा और चिंता का माहौल है.फिलहाल पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा.
यह भी पढ़ें: सोनवर्षा राज में सुरसर नदी से सिर कटा अज्ञात शव बरामद, इलाके में सनसनी