नमो नारायण मिश्रा,न्यूज11 भारत
गोपालगंज/डेस्क: बिहार के गोपालगंज से खबर सामने आ रही है, जहां पुराने विवाद को लेकर जमकर चाकूबाजी की घटना हुई है. इस हमले में मां और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. दोनों घायलों को इलाज के लिए मॉडल सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच में जुट गई है. बताया जा रहा है कि यह पूरी घटना नगर थाना क्षेत्र के नवादा राजोखर गांव के लंगड़ा मोड़ के समीप की है.
जहां पहले हुए एक विवाद ने मंगलवार की देर रात को हिंसक रूप ले लिया. जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले दो बाइकों के बीच टक्कर हो गई थी. उसी टक्कर को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और विवाद हुआ था. हालांकि उस समय मामला शांत हो गया था, लेकिन उसी पुरानी रंजिश को लेकर आज फिर विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते मामला चाकूबाजी तक पहुंच गया. घायल युवक की पहचान नितेश कुमार के रूप में की गई है, जबकि उनकी मां उर्मिला देवी भी इस हमले में घायल हो गई हैं.
दोनों को गंभीर हालत में इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है. घायल युवक नितेश कुमार ने बताया कि वह बाइक से कहीं जा रहे थे, तभी सामने से बुलेट बाइक पर सवार लोगों ने उनकी बाइक में धक्का मार दिया. उस समय उन्होंने किसी तरह का विरोध या विवाद नहीं किया और वहां से वापस लंगड़ा मोड़ की ओर लौट गए. लेकिन आरोप है कि पहले से घात लगाए लोगों ने लंगड़ा मोड़ के पास उन्हें घेर लिया और उन पर चाकू से हमला कर दिया. नितेश कुमार का कहना है कि हमलावरों ने न सिर्फ उन्हें चाकू मारा, बल्कि उनके घर के दरवाजे पर पहुंचकर उनकी मां उर्मिला देवी पर भी हमला कर दिया.
इस दौरान कुछ महिलाओं ने भी लाठी-डंडों से मारपीट की, जिससे उनकी मां भी घायल हो गईं. पीड़ित युवक का कहना है कि पहले भी मोटरसाइकिल से उन्हें टक्कर मारी गई थी, लेकिन उस समय भी उन्होंने कोई विवाद नहीं किया था. न तो उन्होंने किसी को गाली दी और न ही किसी प्रकार का झगड़ा किया. बावजूद इसके आरोपियों ने पुरानी रंजिश में उन्हें निशाना बनाकर हमला किया. घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.
पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद की बात सामने आ रही है. फिलहाल घायलों का बयान दर्ज किया जा रहा है और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द ही आरोपियों पर कार्रवाई की बात कही जा रही है.
यह भी पढ़ें: जयमाला के दौरान विवाद में चली गोली, एक युवक घायल