शंभू भगत/न्यूज11 भारत
भागलपुर/डेस्क: भागलपुर पीरपैंती पारिवारिक विवाद ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया. पीरपैंती रेलवे स्टेशन पर घात लगाकर दामाद पर साले और ससुर द्वारा किए गए जानलेवा हमले से इलाके में सनसनी फैल गई. हमले में मनीष गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें पहले तिरुपति रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां हालत नाजुक होने पर उन्हें मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया. फिलहाल मायागंज अस्पताल में उनका इलाज जारी है.घटना 5 तारीख की बताई जा रही है. घायल मनीष गुप्ता के अनुसार, उनके साले विक्की साह और ससुर प्रमोद साह ने मिलकर 15 से 20 अज्ञात लोगों के साथ पीरपैंती स्टेशन पर पहले से घात लगाई और मौका मिलते ही उन पर हमला कर दिया. हमले में लाठी-डंडे और अन्य हथियारों का प्रयोग किए जाने की बात सामने आ रही है.मनीष गुप्ता ने बताया कि उनकी शादी वर्ष 2023 में हुई थी. शादी के बाद से ही पत्नी और ससुराल पक्ष की ओर से लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना झेलनी पड़ी. पारिवारिक तनाव इतना बढ़ गया कि मामला हिंसा तक पहुंच गया. उन्होंने यह भी बताया कि शादी के बाद उनकी दो बच्चियां हुईं, जिनमें से एक बच्ची की मृत्यु हो चुकी है. मृत बच्ची उनकी पत्नी के पास थी, जबकि दूसरी बच्ची की परवरिश उनकी बहन कर रही है.घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल तिरुपति रेफरल अस्पताल ले जाया गया. प्राथमिक इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उनकी स्थिति गंभीर बताई और बेहतर उपचार के लिए मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया. मायागंज अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार, मनीष गुप्ता के गले के ऊपर, नाक, कान और सिर के पीछे के हिस्से में गंभीर चोटें आई हैं. फिलहाल वे चिकित्सकीय निगरानी में हैं.
इस घटना के बाद पीरपैंती क्षेत्र में तनाव का माहौल है. पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और पीड़ित के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी की जा रही है.यह मामला एक बार फिर पारिवारिक विवादों में बढ़ती हिंसा और कानून-व्यवस्था की चुनौती को उजागर करता है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और पीड़ित को न्याय दिलाने की मांग की है
यह भी पढ़ें: विधायक सबिता महतो ने ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के कुकडु प्रखंड में कुछ जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण किया