राहुल कुमार/न्यूज11 भारत
शेरघाटी/डेस्क: बिहार के शेरघाटी थाना क्षेत्र के ढाबचिडैया पंचायत अंतर्गत धुज्जी टोला स्थित बाऊली के पास शेरघाटी पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 2000 लीटर महुआ घोल को विनष्ट कर दिया. उसके साथ-साथ शराब बनाने वाले उपकरण को भी ध्वस्त कर दिया है.इस दौरान अवैध शराब निर्माण में प्रयुक्त सामग्री को भी नष्ट किया गया. पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध धंधेबाजों में हड़कंप मच गया.
गुप्त सूचना के आधार पर सब इंस्पेक्टर रूपा कुमारी और सब इंस्पेक्टर अरविंद यादव अपने दल-बल के साथ धुज्जी टोला पहुंचे. बाऊली के समीप झाड़ियों और जमीन में गाड़कर रखे गए ड्रम व गड्ढों में भारी मात्रा में महुआ का घोल पाया गया. पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए करीब 2000 लीटर महुआ घोल को मौके पर ही नष्ट कर दिया. हालांकि छापेमारी की भनक लगते ही धंधेबाज फरार हो गए.
सब इंस्पेक्टर रूपा कुमारी ने बताया कि लंबे समय से क्षेत्र में अवैध महुआ शराब निर्माण की सूचना मिल रही थी. लगातार निगरानी के बाद कार्रवाई की गई. उन्होंने कहा कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा तथा इसमें संलिप्त लोगों की पहचान कर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी.
इधर थाना अध्यक्ष मोहन कुमार ने बताया कि अभियान के तहत करीब 2000 लीटर महुआ का घोल विनष्ट किया गया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी. पुलिस की इस सख्त कार्रवाई के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है और अवैध कारोबारियों में भय व्याप्त है.
यह भी पढ़ें: होलिका दहन में हथियार लहराने का वीडियो वायरल, पूर्व विधायक गोपाल मंडल पर जांच शुरू