न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क: शादी के नाम पर जाल बिछाकर दूल्हे पक्ष को महादेवा गंगा घाट पर लूटने वाले संगठित गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। नकली पुलिस बनकर धमकी देने और दुल्हन के साथ मिलकर लूट की घटना को अंजाम देने वाले इस गिरोह के 9 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके पास से 38,500 रुपये नगद, गहने, एक ऑटो और कई मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
कैसे हुआ खुलासा
मामला तब सामने आया जब उत्तर प्रदेश के कानपुर की रमा देवी ने मुफस्सिल थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि कोरान सराय थाना क्षेत्र की कलावती देवी और उनके पति रमेश गोड़ ने उनके देवर की शादी कराने का झांसा देकर 7 अप्रैल को फरीदाबाद से बक्सर बुलाया। शादी के नाम पर पहले 50 हजार रुपये और गहनों की मांग की गई। उसके बाद 40 हजार रुपये और कुछ जेवर पर बात पक्की हो गई।
8 अप्रैल को हुई कोर्ट मैरिज
8 अप्रैल को विनय और कथित दुल्हन नीतू की कोर्ट मैरिज कराई गई। इसके बाद रस्म अदायगी के लिए सभी महादेवा गंगा घाट पहुंचे। यहीं पर दुल्हन को गहने पहनाए गए लेकिन विदाई के वक्त अचानक बाइक से पहुंचे दो युवक खुद को पुलिस बताकर सभी को थाना ले जाने की धमकी देने लगे। इसी अफरा-तफरी में वे लोग दुल्हन और उसके साथी नगद व गहने लेकर फरार हो गए।
9 आरोपी हुए गिरफ्तार
ठगी का एहसास होते ही पीड़ित पक्ष ने डायल 112 पर कॉल किया. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इस पूरे मामले की जांच शुरू की और छापेमारी कर दुल्हन समेत 9 आरोपितों को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपितों में नीतू देवी, मीना देवी, शिवबचन चौहान, सुनैना देवी, हैदर खां (नकली पुलिस), हाकीम चौहान, कलावती देवी और जगजीवन चौहान शामिल हैं।
जेल भेजे गए आरोपी
गिरफ्तारी टीम में सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय, मुफस्सिल थानाध्यक्ष शंभू भगत, एसआई चंदन कुमार समेत अन्य पुलिस बल शामिल रहे। पूछताछ के बाद सभी आरोपितों को जेल भेज दिया गया है।
(रिपोर्ट - धीरज कुमार)