न्यूज़11 भारत
बिहार/डेस्क: बिहार के मौसम में ठंड का सितम लगातार जारी है और अगले तीन से चार दिनों तक किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. मौसम विभाग के अनुसार, आज शनिवार को पूर्वी व पश्चिम चंपारण और गोपालगंज में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है.
पश्चिमी भागों में कोहरा छाए रहने के बावजूद धूप निकलने से तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी देखी जा रही है. शुक्रवार को भागलपुर (सबौर) का न्यूनतम तापमान 5.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान रहा. राजधानी पटना का न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री सेल्सियस रहा. राज्य का न्यूनतम तापमान 5.9 डिग्री से 12.2 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया.
मोतिहारी में सबसे कम दृश्यता 350 मीटर दर्ज की गई. पटना और आसपास के क्षेत्रों का मौसम पछुआ हवा के कारण शुष्क बना रहा. धूप निकलने के बावजूद हवा में कनकनी का असर बना रहा. राजधानी पटना का अधिकतम तापमान 22.0 डिग्री सेल्सियस, जबकि कैमूर जिले का अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. बक्सर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, नालंदा, पूसा, सुपौल और सबौर जिलों को छोड़कर शेष जिलों में अधिकतम तापमान में वृद्धि देखी गई.
यह भी पढ़े: विराट रामायण मंदिर से शुरू होगी CM नीतीश की समृद्धि यात्रा का दूसरा दिन, 138 करोड़ की योजनाओं का करेंगे उद्घाटन