न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क (रोहित, पटना) बिहार की राजनीति में आज का दिन बेहद अहम माना जा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार आज से अपनी 'सद्भाव यात्रा' का आगाज करने जा रहे हैं। राजनीतिक गलियारों में इस यात्रा को निशांत की औपचारिक एंट्री और एक बड़े संकेत के रूप में देखा जा रहा है। निशांत अपनी इस यात्रा की शुरुआत ऐतिहासिक धरती चंपारण से करेंगे।
दोपहर 11 बजे पटना से रवानगी
तय कार्यक्रम के अनुसार, निशांत कुमार आज दोपहर 11:00 बजे अपनी आधिकारिक यात्रा के लिए पटना से रवाना होंगे। चंपारण पहुँचने के बाद वह अपनी सद्भाव यात्रा को गति देंगे। इस यात्रा के माध्यम से वह जनता के बीच जाकर 'सद्भाव' और विकास का संदेश साझा करेंगे।
पिता के नक़्शे कदम पर चलने की कोशिश
इस यात्रा की सबसे खास बात वह 'रथ' है, जिस पर निशांत सवार होंगे। जानकारी के मुताबिक, निशांत उसी रथ का इस्तेमाल कर रहे हैं जिससे कभी नीतीश कुमार ने अपनी ऐतिहासिक यात्राएं की थीं और बिहार की सियासत की दिशा बदली थी। पिता के रथ पर सवार होकर बेटे का निकलना जेडीयू समर्थकों के बीच काफी चर्चा का विषय बना हुआ है।
जेडीयू कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह
निशांत कुमार की इस यात्रा को लेकर जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के कार्यकर्ताओं और बड़े नेताओं में जबरदस्त जोश है। पटना से लेकर चंपारण तक, रास्ते में जगह-जगह पर स्वागत द्वार बनाए गए हैं। पार्टी के कार्यकर्ताओं ने निशांत के भव्य स्वागत के लिए खास तैयारियां की हैं। कई वरिष्ठ नेताओं के भी इस यात्रा में शामिल होने की संभावना है।
निशांत कुमार अब तक राजनीति की चकाचौंध से दूर ही रहे हैं, लेकिन अचानक 'सद्भाव यात्रा' और वह भी चंपारण जैसी क्रांतिकारी धरती से शुरू करना, कई बड़े राजनीतिक संकेतों की ओर इशारा कर रहा है। माना जा रहा है कि इस यात्रा के जरिए वह न केवल जनता की नब्ज टटोलेंगे, बल्कि पार्टी की नई पीढ़ी का चेहरा बनकर भी उभर सकते हैं।