न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
नवादा : बिहार के नवादा जिले के गोंदापुर मोहल्ले में सूदखोर बदमाशों की दबंगई का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बड़ी दरगाह मस्जिद के पास देर रात चार बदमाशों ने एक घर में घुसकर गोलीबारी की और दरवाजे में आग लगा दी। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
हाईलाइट्स:
- गोंदापुर में सूदखोरों का आतंक
- घर में घुसकर फायरिंग और आगजनी
- तीन खोखे बरामद
- कर्ज विवाद में हमला
- चार आरोपियों पर केस दर्ज
घटना के दौरान बदमाशों ने लगातार तीन राउंड फायरिंग की। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखे बरामद किए हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, अचानक हुई गोलीबारी से पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने-अपने घरों में दुबक गए।
तीन राउंड फायरिंग, पुलिस को मिले खोखे ।
कर्ज के विवाद में हमला
पीड़िता फरीदा बेगम ने बताया कि उन्होंने सूद पर लगभग एक लाख रुपये उधार लिए थे, जिसे वे किस्तों में चुका रही थीं। बावजूद इसके सूदखोर लगातार दबाव बना रहे थे और अब उनके घर पर कब्जा करने की नीयत से हमला किया गया। पीड़िता के अनुसार, देर रात चार लोग उनके घर पहुंचे और दरवाजा खोलने को कहा। जब उन्होंने डर के कारण दरवाजा नहीं खोला, तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पेट्रोल या केरोसिन डालकर दरवाजे में आग लगा दी गई। परिवार के सदस्य अपनी जान बचाने के लिए छत पर चले गए।
112 पर कॉल, पुलिस और दमकल की कार्रवाई
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने डायल 112 पर कॉल कर मदद मांगी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। इसके बाद अग्निशमन विभाग की टीम ने पहुंचकर आग पर काबू पाया और बड़ा हादसा टल गया। नगर थाना पुलिस ने इस मामले में चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। नवादा में सूदखोरी से जुड़े मामले पहले भी सामने आते रहे हैं। साल 2022 में सूदखोरों के दबाव में आकर छह लोगों ने आत्महत्या कर ली थी, जिससे इस अवैध धंधे की गंभीरता उजागर हुई थी।
इसे भी पढ़ें- पटना में आज किसान संसद, देशभर के नेता होंगे शामिल