इन्द्रदेव/न्यूज़11 भारत
बिहार/डेस्क: बिहार के सहरसा जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. कहरा सदर प्रखंड के सोनवर्षा कचहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत अमरपुर गांव में देर रात अचानक आग लगने से तीन घर पूरी तरह जलकर राख हो गए. इस अग्निकांड में घर में रखा सारा सामान जलकर नष्ट हो गया.
पीड़ितों की पहचान बिनोद महतो और खेलन महतो के रूप में की गई है. बताया गया कि दोनों अपने-अपने परिवार के साथ घर में सोए हुए थे, तभी अचानक आग भड़क उठी. आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला. घटना की सूचना मिलने के बावजूद अग्निशमन विभाग की दमकल टीम समय पर मौके पर नहीं पहुंच सकी. इसके बाद ग्रामीणों ने खुद मोर्चा संभाला और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. हालांकि तब तक तीन घर पूरी तरह जल चुके थे.
अग्निकांड के बाद पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ितों को जल्द मुआवजा और सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है. घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है, पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
यह भी पढ़े: जमशेदपुर में अवैध निर्माणों पर चलेगा बुलडोजर, हाईकोर्ट ने DC-SSP को दिए सख्त निर्देश