न्यूज11 भारत
दरभंगा/डेस्क: बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है और इसे सख्ती से पालन कराने के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. होली पर्व को देखते हुए उत्पाद विभाग की कार्रवाई और तेज कर दी गई है. इसी कड़ी में दरभंगा में उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए देशी और विदेशी मिलाकर लगभग 4000 लीटर जब्त शराब को नष्ट किया.
जानकारी के अनुसार, जब्त की गई शराब को विभागीय कार्यालय परिसर में दंडाधिकारी की उपस्थिति में तथा सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में नष्ट किया गया, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और नियमानुसार हो. इस दौरान उत्पाद अधीक्षक समेत विभाग के अन्य अधिकारी और पुलिस बल भी मौजूद रहे.
अधिकारियों ने बताया कि होली के मद्देनज़र अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और तस्करी पर विशेष निगरानी रखी जा रही है. लगातार छापेमारी, वाहन जांच और संदिग्ध ठिकानों पर कार्रवाई जारी है. उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
यह भी पढ़ें: डोभी चेकपोस्ट पर 375 लीटर अवैध शराब जब्त, कार सवार गिरफ्तार